30.2 C
Jabalpur
June 18, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिक

वीडियो बनाने से रोका तो युवक का अपहरण कर मारपीट, रुपये छीने और अकाउंट में ट्रांसफर कराए, 6 आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र में वीडियो बनाने से मना करने पर एक युवक के साथ अपहरण, मारपीट और जबरन रुपये वसूली का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को मोटरसाइकिल पर जबरदस्ती बैठाकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर मारपीट की, चाकू दिखाकर धमकाया और रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी खितौला रमन सिंह ने बताया कि नया मोहल्ला सिहोरा निवासी 23 वर्षीय मोहम्मद सोहेल रंगरेज ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 3 जून 2026 की रात करीब 11 बजे वह अपनी लोडिंग ऑटो बस स्टैंड खितौला में खड़ी करने गया था। वहां उसका दोस्त अमन कोरी अपनी बहन के साथ मौजूद था। इसी दौरान लखराम मोहल्ला खितौला निवासी विक्की उर्फ विकास कोल, ओम कोल और आशू कुम्हार मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और वीडियो बनाने लगे।

अमन की बहन द्वारा वीडियो बनाने से मना करने पर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। सोहेल ने भी वीडियो बनाने से रोका, जिस पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए। कुछ देर बाद आरोपी अपने अन्य साथियों अजीत कोल, दीपक कोल और संजू कोल के साथ दो मोटरसाइकिलों से वापस आए और वीडियो बनाने से रोकने की बात पर सोहेल से मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने सोहेल को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और पहले स्टेडियम ले गए, जहां उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। इसके बाद उसे लखराम मोहल्ला और फिर कृषि उपज मंडी पहरेवा खितौला ले जाया गया। वहां अजीत कोल ने बेल्ट से मारपीट कर उसके हाथ, पीठ और कनपटी पर चोट पहुंचाई। वहीं विक्की उर्फ विकास कोल ने चाकू दिखाकर डराया-धमकाया और मारपीट का वीडियो भी बनाया।

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसकी जेब में रखे 2600 रुपये छीन लिए और उसे छोड़ने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद सोहेल ने अपनी मां और छोटे भाई शोएब से संपर्क किया। शोएब मौके पर पहुंचा, जहां आरोपियों ने दीपक कोल के फोन-पे पर 6 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। किसी तरह सोहेल कृषि उपज मंडी के बाजू वाले गेट से कूदकर भाग निकला। बाद में उसका भाई शोएब भी किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचा और बताया कि आरोपियों ने उसके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की।

शिकायत पर खितौला पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 164/2026, धारा 140(2), 310(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी खितौला रमन सिंह मरकाम के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश करते हुए अजीत कोल, दीपक कोल, विक्की उर्फ विकास कोल, ओम कोल, आशू कुमार और संजू कोल को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने घटना करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए नकद रुपये में से 2600 रुपये, घटना में प्रयुक्त 4 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल, चाकू और बेल्ट जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

अन्य ख़बरें

‘लोकतंत्र में कोई संस्था जवाबदेही से ऊपर नहीं’, दिग्विजय सिंह ने प्रियंक खड़गे के सवालों का किया समर्थन

Newsdesk

बिजुरी नगर पालिका का लोक कल्याण शिविर बना जनसेवा का केंद्र, सैकड़ों हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

Newsdesk

चित्रकूट धाम से आए 72 वर्षीय बुजुर्ग संत ने 2 घंटे  बिताए मड़फा तालाब सामतपुर में शवासन मुद्रा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading