जबलपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 सुश्री पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश तिवारी भी उपस्थित रहे।
एसपी श्री उपाध्याय ने कहा कि आगामी दिनों में कानून-व्यवस्था की दृष्टि से विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि थाना स्तर पर आयोजित शांति समिति की बैठकों में प्राप्त सभी सुझावों एवं समस्याओं का संबंधित विभागों से समन्वय कर तत्काल निराकरण कराया जाए।
उन्होंने जुलूस मार्गों का पैदल निरीक्षण कर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा नीचे लटक रहे बिजली और संचार तारों को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए। पूर्व में विवादित रहे स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार फिक्स प्वाइंट स्थापित करने को कहा।
एसपी ने सभी नगर पुलिस अधीक्षकों को संबंधित एसडीएम तथा थाना प्रभारियों को तहसीलदारों के साथ संयुक्त भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने असामाजिक एवं अशांति फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा आवश्यकतानुसार प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
बैठक में पुलिस बल को बलवा नियंत्रण सामग्री, टियर गैस, टॉर्च, वीडियो कैमरा और पीए सिस्टम से लैस रखने तथा किसी भी छोटी घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।


