बिना नंबर और एक लाइट के चल रहे ट्रैक्टर पर उठे सवाल, चालक मौके से फरार_नंदौरा : लखनवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 नागपुर रोड पर स्थित नंदौरा ट्रक ले-बे के समीप सोमवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान ग्राम डुंगरिया (बादलपार) निवासी एवं पूर्व सरपंच दयालु मरकाम (लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दयालु मरकाम सिवनी से अपने गांव लौट रहे थे। शाम करीब 7:30 बजे नंदौरा ट्रक ले-बे के पास उनकी बाइक को रांग साइड से आ रहे ईंटों से भरे एक ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर न तो नंबर प्लेट लगी थी और एक ही उसकी लाइट चालू थी, जिससे अंधेरे में वाहन दिखाई नहीं दिया।
हादसे में दयालु मरकाम को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल 1033 एंबुलेंस सेवा की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि ट्रैक्टर एक निर्माण कार्य से संबंधित कैंप में कार्यरत था और घुनाई कैंप के लिए ईंटें लेकर जा रहा था। ट्रैक्टर पर “पाठक गणेशगंज” लिखा हुआ बताया गया है।
जांच के घेरे में ट्रैक्टर का संचालन
घटना के बाद बाइक को संबंधित मेंटेनेंस कंपनी के कैंप में तथा ट्रैक्टर को निर्माण कंपनी के कैंप में खड़ा कराया गया है। इस हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के अंधेरे में बिना नंबर प्लेट, बिना लाइट और रांग साइड से ट्रैक्टर का संचालन गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
साथ ही यह भी जांच का विषय है कि संबंधित ट्रैक्टर का उपयोग कृषि कार्य के लिए पंजीकृत था या फिर उसका व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार चालक की तलाश जारी है।


