पुण्यतिथि पर गुलौआ चौक स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भाजपा ने दी श्रद्धांजलि
नगर के सभी 1041 बूथों पर डॉ मुखर्जी के बलिदान दिवस पर की गई पुष्पांजलि
जबलपुर।भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर भारतीय जनता पार्टी जबलपुर महानगर द्वारा उनकी गुलौआ चौक स्थित प्रतिमा पर मालायर्पण कर एवं सभी महानगर के सभी 1041 बूथों पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, जेडीए अध्यक्ष श्री संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज बिज, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी श्रीकान्त साहू, जेडीए उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी, महामंत्री पंकज दुबे, रंजीत पटेल, सोनू बचवानी, सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक चेतना के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश की एकता और संप्रभुता के लिए संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उद्घोष कर राष्ट्रीय एकीकरण की दिशा में ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया। उनके विचार और आदर्श आज भी करोड़ों देशवासियों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक उत्थान और राष्ट्रीय चेतना के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया तथा भारत को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रत्नेश सोनकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज डॉ. मुखर्जी के सपनों के भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद राष्ट्रीय एकता का उनका संकल्प और अधिक सशक्त रूप में साकार हुआ है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके आदर्शों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प भाजपा ने लिया है।
जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि “राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है, उनके पदचिन्हों पर चलकर देश यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सदैव राष्ट्रीय एकता के सुदृढ़ीकरण हेतु कार्य कर रहे है, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अब गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा की सरकार है, बंगाल की माटी में जन्मे डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की जन्मस्थली में भी अब भाजपा की सरकार राष्ट्रवाद की विचारधारा का प्रवाह कर रही है, हम सभी ऐसे महापुरुष के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
इस अवसर पर अभय सिंह ठाकुर, रजनीश यादव, राजेश मिश्रा, शंकर श्रीवास्तव, अंजू भार्गव, रीना राय, प्रणय गुप्ता, संजय तिवारी, पूजा श्रीराम पटेल, रविन्द्र पचौरी, राहुल बेन, मोहन निरंकार, दीपक सोनी आदि उपस्थित थे।


