महासमुंद, 24 जून। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत झारा में एक 18 वर्षीय युवती की रेत में दफन लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान भारती टंडन, पिता श्यामलाल टंडन के रूप में हुई है। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और शरीर पर संघर्ष के निशान मिलने से हत्या की पुष्टि हुई है, जबकि दुष्कर्म की आशंका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे गांव के कुछ लोग गांव से दूर स्थित नाले की ओर गए थे। वहां रेत से मानव शरीर का हिस्सा बाहर दिखाई देने और बदबू आने पर ग्रामीणों ने तत्काल खल्लारी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने रेत में दफन शव को बाहर निकाला। शव की स्थिति काफी खराब थी। मृतका के पैर का हिस्सा जीव-जंतुओं द्वारा क्षतिग्रस्त किया जा चुका था, जबकि निचला हिस्सा बिना कपड़ों के मिला। उसकी लेग कुछ दूरी पर पड़ी हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए चौंकाने वाले तथ्य
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवती के सिर पर करीब 6 इंच लंबा गहरा घाव मिला है, जो किसी धारदार हथियार से किया गया प्रतीत होता है। चोट इतनी गंभीर थी कि सिर की हड्डी तक टूट गई थी। इसके अलावा जांघों पर गहरे खरोंच के निशान भी पाए गए हैं। परिस्थितियों को देखते हुए हत्या से पहले दुष्कर्म किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में युवती के आंतरिक अंगों के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे गए हैं।परिजनों के अनुसार भारती 19 जून को 18 वर्ष की हुई थी। उसी रात वह घर से अचानक लापता हो गई थी। बताया जा रहा है कि उसका एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग था और संभावना है कि जन्मदिन के अवसर पर वह उससे मिलने घर से निकली हो। अगले दिन परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद खल्लारी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। तीन दिन बाद 22 जून को उसकी लाश नाले की रेत में दफन अवस्था में मिली।


