महापौर और निगमायुक्त ने जल विभाग के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा
जिन क्षेत्रों में पाइप लाइन से जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं उन क्षेत्रों में अतिरिक्त पानी टैंकरों से कराई जा रही है जलापूर्ति*
आज 10 अतिरिक्त टैंकरों की जलापूर्ति प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए कराई गयी व्यवस्था*
जबलपुर। शहर के नागरिकों को गर्मी के दिनों में भी पर्याप्त पानी मिल सके, इसके लिए नगर निगम द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। इस पूरी व्यवस्था को जमीनी धरातल पर लाने के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने जल विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में महापौर श्री अन्नू और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने निर्देश दिए हैं कि शहर के किसी भी कोने में पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए। जल संसाधन के बेहतर प्रबंधन और तकनीकी दिक्कतों को तुरंत दूर करने के लिए अधिकारियों को फील्ड पर मुस्तैद रहने को कहा गया है।
बैठक में महापौर श्री अन्नू ने बताया कि नगर निगम ने उन क्षेत्रों के लिए विशेष तैयार की है, जहां अभी तक पाइप लाइन नहीं बिछ पाई है या जहां पानी का दबाव कम रहता है। समीक्षा बैठक में उन्होंने बताया कि ऐसे सभी क्षेत्रों में अतिरिक्त पानी के टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
बैठक में महापौर और निगमायुक्त ने जानकारी देते हुए कहा कि जलापूर्ति प्रबंधन को और अधिक बेहतर, त्वरित और प्रभावी बनाने के लिए आज नगर निगम के बेड़े में 10 अतिरिक्त पानी के टैंकरों को शामिल किया गया है। इन नए टैंकरों की मदद से प्रभावित क्षेत्रों में बिना किसी देरी के पानी पहुंचाया जा सकेगा। महापौर श्री अन्नू ने कहा कि हमारा संकल्प है कि शहर के हर नागरिक को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल मिले। जिन क्षेत्रों में पाइप लाइन नहीं है, वहां भी पानी की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। नए टैंकरों के आने से हमारी पानी सप्लाई को और मजबूत मिलेगी। इस अवसर पर अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, सहायक यंत्री राजेश खंपरिया, संदीप जायसवाल, अंकुर नाग, संजय सिंह, गुलाब इनवाती , मनोज पटेल, शैलेन्द्र पटेल आदि उपस्थित रहे।


