विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में कराधान की भूमिका पर रखे प्रभावशाली विचार
जबलपुर। आयकर दिवस-2026 के अवसर पर आयकर विभाग द्वारा श्रीमती सविता बुंदस, प्रधान आयकर आयुक्त, जबलपुर के मार्गदर्शन में गुरुवार को पंडित लज्जा शंकर झा शासकीय मॉडल उत्कृष्ट विद्यालय, जबलपुर में अंतर विद्यालय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में कराधान के महत्व, कर अनुपालन के प्रति जागरूकता तथा राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना था।
प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “राष्ट्र निर्माण में कराधान की महत्वपूर्ण भूमिका” विषय पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रतिभागियों ने अपने ओजस्वी भाषणों में बताया कि करों से प्राप्त राजस्व देश में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, रक्षा, सामाजिक सुरक्षा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन का प्रमुख आधार है। साथ ही उन्होंने ईमानदारी से कर भुगतान को प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व बताया।
इस अवसर पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कर जागरूकता का संस्कार बाल्यावस्था से ही विकसित होना चाहिए, ताकि भविष्य में वे उत्तरदायी एवं जागरूक नागरिक बनकर राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान दे सकें।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य संजय परिहार, शिक्षकद्वय डॉ श्रीमती अर्चना मिश्रा, राम स्वरूप पटेल एवं आयकर विभाग से आर एन भारती, संयुक्त आयकर आयुक्त श्रीमती मिनी पणिकर, सहायक आयकर आयुक्त श्री व्ही जे सतीश, आयकर अधिकारी उज्जवल दास, संतोष कुमार, कु. साक्षी पवार, हर्ष कश्यप उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का संचालन महेश कुमार शुक्ला, आयकर अधिकारी द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता के विजेताओं का चयन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट्स प्रदान किए गए तथा विजेताओं को आयकर दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
आयकर विभाग ने मॉडल हाई विद्यालय प्रशासन, विभिन्न विद्यालयों से पधारे सम्माननीय शिक्षकों एवं सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजन समाज में कर संस्कृति को सुदृढ़ करने तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


