सिवनी – आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी भारत एकता मिशन, सिवनी ने शनिवार को जिला अध्यक्ष हसीब आज़ाद के नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर, सिवनी के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रिया में व्यापक सुधार की मांग उठाई।
ज्ञापन में देशभर के छात्रों, युवाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा करते हुए हाल के छात्र आंदोलनों के दौरान हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा शिक्षा एवं भर्ती प्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के बाद जिला अध्यक्ष हसीब आज़ाद ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था प्रत्येक युवा का संवैधानिक अधिकार है। लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई से युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार को इन मामलों में निष्पक्ष, समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
ज्ञापन की प्रमुख मांगें
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग।
पेपर लीक एवं भर्ती घोटालों के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई।
छात्र आंदोलनों के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच।
छात्रों पर दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग।
सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में सुरक्षित एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करना।
रिक्त पदों पर समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया पूरी करना।
वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी कर युवाओं को निश्चित अवसर उपलब्ध कराना।
हसीब आज़ाद ने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) युवाओं, छात्रों और संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी तथा छात्रों को न्याय मिलने तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर जिला प्रभारी अशोक चौधरी, जिला महासचिव रवींद्र कुमार मासूरकर, संतोष डेहरिया, राकेश कोसरे, बरघाट विधानसभा अध्यक्ष वहाब खान, मकबूल खान, राजिक खान, रोमित चौधरी, रंजीता शिववंशी, आयुष कोसरे, महेश उइके सहित बड़ी संख्या में आज़ाद समाज पार्टी एवं भीम आर्मी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


