जबलपुर। गढ़ा थाना पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बीटी तिराहा स्थित एक मकान में संचालित जुए के फड़ पर छापा मारकर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 84 हजार 870 रुपये नकद और 52-52 पत्तों की तीन ताश की गड्डियां जब्त की हैं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में संगठित जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई।
थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि 29 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीटी तिराहा स्थित अर्पित सिंह के मकान की पहली मंजिल पर बंद कमरे में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां 20 लोग जुआ खेलते मिले। पुलिस ने सभी को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में अर्पित सिंह ने अपने घर पर जुए का फड़ संचालित किए जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने सभी आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 84 हजार 870 रुपये नकद और तीन ताश की गड्डियां जब्त कर सभी के विरुद्ध मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक संजय गुर्जर, प्रधान आरक्षक ज्ञानेन्द्र पाठक, संदीप, नीरज तिवारी, सत्यपाल सिंह, हिमलेश वैद्य, दिनेश गुर्जर तथा आरक्षक गौरव, जितेन्द्र कटारे, निरंजन और सचिन तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।


