जबलपुर और महाकौशल क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में जबलपुर संसदीय क्षेत्र के लोकसभा सांसद आशीष दुबे लगातार प्रयासरत हैं। जबलपुर से पुणे और अहमदाबाद के लिए सीधी विमान सेवा शुरू कराने को लेकर सांसद श्री दुबे ने विभिन्न विमानन कंपनियों के प्रतिनिधियों से चर्चा की है,इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजारापु राममोहन नायडू से भी भेंट कर इन दोनों महत्वपूर्ण शहरों के लिए जबलपुर से नियमित उड़ान शुरू किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश को बहुमुखी सौगात मिल रही हैं।जबलपुर को इसका लाभ सतत मिलता रहा है और आगे भी मिलता रहेगा।
सांसद श्री दुबे का मानना है कि जबलपुर और पूरे महाकौशल क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक, शैक्षणिक, चिकित्सा एवं पर्यटन विकास के लिए बेहतर हवाई कनेक्टिविटी अत्यंत आवश्यक है। पुणे और अहमदाबाद देश के प्रमुख औद्योगिक एवं कारोबारी केंद्र हैं। इन शहरों से सीधा हवाई संपर्क बनने से जबलपुर के व्यापारियों, उद्योगपतियों, विद्यार्थियों, मरीजों और नौकरी-पेशा लोगों को बड़ी सुविधा मिल सकती है।
पुणे कनेक्टिविटी पर पहले भी मंत्री से हुई थी चर्चा
जबलपुर से पुणे की सीधी उड़ान शुरू कराने का मुद्दा सांसद श्री आशीष दुबे पहले भी केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के समक्ष उठा चुके हैं। नवंबर 2024 में पहली बार और उसके बाद भी विमानन मंत्री श्री नायडू से मुलाकात के दौरान सांसद ने जबलपुर से पुणे, अहमदाबाद, कोलकाता के लिए हवाई सेवाएं शुरू करने की मांग रखी थी। उस समय पुणे के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की दिशा में सकारात्मक आश्वासन भी सामने आया था।
एयरलाइंस कंपनियों से संपर्क, रूट की व्यावहारिकता पर जोर
अब सांसद श्री आशीष दुबे द्वारा विभिन्न विमानन कंपनियों से संपर्क कर जबलपुर-पुणे तथा जबलपुर-अहमदाबाद रूट की संभावनाओं पर चर्चा की जा रही है,जिसके जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। किसी भी नए हवाई मार्ग को शुरू करने में एयरलाइन के लिए यात्रियों की संभावित संख्या, विमान उपलब्धता,स्लॉट, परिचालन लागत और रूट की व्यावसायिक व्यवहार्यता महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में सांसद अपने स्तर पर विभिन्न एयरलाइंस के साथ लगातार संवाद कर इन रूटों को जमीन पर उतारने सतत् प्रयास कर रहे हैं।
सांसद श्री आशीष दुबे द्वारा जबलपुर की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के प्रयासों में हाल के दिनों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि कोलकाता के साथ सीधा हवाई संपर्क स्थापित होना भी है। पिछले दिनों एलायंस एयर ने जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी उड़ान शुरू की थी। इससे पूर्वी भारत के साथ जबलपुर की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है और शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार तथा पर्यटन के क्षेत्र में इसके लाभ की उम्मीद है।
जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट के विकास और उसकी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी लगातार जोर दिया जा रहा है। पिछले दिनों एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठक सांसद आशीष दुबे की अध्यक्षता में हुई थी, जिसमें एयरपोर्ट के विकास, सुविधाओं के विस्तार और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई थी।
सांसद की प्राथमिकता केवल नई उड़ानें शुरू कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि जबलपुर को मध्य भारत के एक मजबूत एयर कनेक्टिविटी केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास करना भी इसका हिस्सा है।
जबलपुर के लिए हवाई सेवाओं का विस्तार
सांसद श्री आशीष दुबे की प्राथमिकता है।सांसद द्वारा विमानन मंत्री के साथ चर्चा करने के साथ-साथ एयरलाइंस कंपनियों से सीधे संवाद किया जाना इस मांग को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जबलपुर-पुणे और जबलपुर-अहमदाबाद रूट पर सांसद दुबे की ओर से लगातार किए जा रहे प्रयासों के फलस्वरूप इन दोनों महत्वपूर्ण हवाई मार्गों के शुरू होने की प्रबल संभावना है।


