कलेक्टर के आह्वान पर पंचायत स्तर पर सुनी गई ग्रामीणों की समस्याएं, सचिव, रोजगार सहायक और सरपंच रहे मौजूद_
सी टाइम्स कुरई – मंगलवार को कलेक्टर सिवनी के आह्वान पर कुरई विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान विकासखंड की ग्राम पंचायतें खुली रहीं और पंचायत स्तर पर ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनने के लिए विशेष व्यवस्था की गई।
ग्राम पंचायत परतापुर, लावासर्रा, गोंडेगांव और सीतापार सहित अन्य पंचायतों में जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। पंचायत भवनों में सचिव, रोजगार सहायक, सरपंच सहित पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे और ग्रामीणों से उनकी समस्याओं एवं मांगों को लेकर जानकारी प्राप्त की गई।
ग्राम पंचायत परतापुर के सचिव विजय कुमार ने बताया कि कलेक्टर सिवनी के निर्देशन एवं आह्वान के अनुसार ग्राम पंचायत में जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीण अपनी समस्याओं और पंचायत से संबंधित विषयों को लेकर पहुंच रहे हैं, जिन्हें सुनकर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर जानकारी भेजी जा रही है।
जनसुनवाई के चलते मंगलवार को कुरई विकासखंड की अधिकांश ग्राम पंचायतों में दिनभर ग्रामीणों की आवाजाही बनी रही। पंचायत स्तर पर ही समस्याओं को सुनने की इस पहल से ग्रामीणों को अपनी शिकायतों एवं मांगों को रखने के लिए सुविधा मिली। प्रशासन की इस पहल को ग्रामीणों ने उपयोगी बताते हुए पंचायत स्तर पर नियमित रूप से ऐसी जनसुनवाई आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।


