जबलपुर। कच्ची शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत रांझी पुलिस ने बुधवार को बापूनगर में दबिश देकर बड़ी मात्रा में महुआ लाहन बरामद कर नष्ट किया। पुलिस ने दो आरोपियों के घर से 11 लीटर कच्ची शराब भी जब्त की है।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, पुलिस को बापूनगर निवासी राहुल बाबू सोनकर और प्रेमशंकर सोनकर के घरों में कच्ची शराब रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों के ठिकानों पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर से 11 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि घर के पीछे जमीन के अंदर प्लास्टिक की टंकियों में बड़ी मात्रा में महुआ लाहन छिपाकर रखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर कुदाली से जमीन खुदवाई। खुदाई के दौरान जमीन के भीतर प्लास्टिक की टंकियां मिलीं।
पुलिस ने टंकियों को बाहर निकालकर तोड़ा और उनमें भरा करीब 2500 लीटर महुआ लाहन मौके पर ही नष्ट कर दिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। मामले में अवैध कच्ची शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।


