पुणे सहित पांच शहरों के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की मांग
जबलपुर। जबलपुर की सीमित एवं घटती हवाई सेवाओं को लेकर फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने इंडिगो एयरलाइन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग की। फेडरेशन अध्यक्ष हिमांशु खरे ने कहा कि जबलपुर औद्योगिक, व्यापारिक, शैक्षणिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है। उन्होंने पुणे, जयपुर, अहमदाबाद, चेन्नई और पटना के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की मांग रखी।
इंडिगो के डायरेक्टर सेल्स प्रीतम चक्रवर्ती ने बताया कि जबलपुर-बेंगलुरु उड़ान को बोइंग विमान सेवा में बदलने तथा इसे चेन्नई तक कनेक्ट करने की योजना है। इससे जबलपुर से चेन्नई की यात्रा करीब पांच घंटे में संभव हो सकेगी और दक्षिण भारत से कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
फेडरेशन ने 300 से 500 किलोमीटर की परिधि में संचालित उपयुक्त उड़ानों को जबलपुर तक विस्तारित करने का सुझाव भी दिया। साथ ही जबलपुर में पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट शुरू करने की मांग रखी गई, जिससे युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर मिल सकें।
हिमांशु खरे ने कहा कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से उद्योग, व्यापार, निवेश, पर्यटन और शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विशेष रूप से पुणे की सीधी उड़ान शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया। इंडिगो प्रबंधन ने इस दिशा में जल्द प्रयास करने का आश्वासन दिया।
बैठक में इंडिगो से प्रीतम चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा और कुंवर रावत तथा फेडरेशन से संयुक्त अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार पोरवाल, उपाध्यक्ष जयदेव योगेश ताम्रकार, प्रबंध समिति सदस्य अरुण पवार और अशोक आनंद उपस्थित रहे।


