मैदानी अमले को निर्देश—भर्ती मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे
बालाघाट 08 सितंबर 2026। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघन दाहिया ने 08 सितम्बर को जिले के बीमारी प्रभावित विकासखंड बिरसा एवं बैहर के स्वास्थ्य केंद्रों तथा मैदानी क्षेत्रों का सघन भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मैदानी अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैहर विकासखंड के उप स्वास्थ्य केंद्र पाथरी में आयोजित चौपाल का भ्रमण कर वहां दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली और मौके पर मौजूद स्वास्थ्य अमले से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इसके बाद विकासखंड बिरसा के बीमारी प्रभावित क्षेत्र कुंडेकसा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिठली तथा सोनगुड्डा का सघन भ्रमण किया। यहां भर्ती मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए उपचार व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि भर्ती मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए तथा मरीजों को आवश्यक उपचार एवं दवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान डॉ. दाहिया ने मरीजों की जांच, उपचार की स्थिति, दवा वितरण, टीकाकरण, मलेरिया जांच, मच्छर रोधी दवाओं के छिड़काव तथा घर-घर सर्वे की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बीमारी प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की गतिविधियों को निरंतर जारी रखने तथा मरीजों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान डॉ. परेश उपलप, कार्यालय क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं जबलपुर से संभागीय समन्वयक श्री निहार दीवान, डीईआईसी प्रबंधक श्री राजाराम चक्रवर्ती तथा बीएमओ बिरसा एवं बीएमओ बैहर उपस्थित रहे।


