जन अभियान परिषद के निर्देशन में कुरई के पचधार में नवांकुर संस्थाओं ने आयोजित किया संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम_
सी टाइम्स कुरई- जन अभियान परिषद जिला सिवनी के जिला समन्वयक श्री राजेंद्र चौधरी एवं ब्लॉक समन्वयक श्री कुलदीप सिंह ठाकुर के निर्देशन में नवांकुर संस्थाओं सेक्टर क्रमांक-01 कुरई एवं सेक्टर क्रमांक-02 खवासा द्वारा संयुक्त रूप से “माटी गणेश से सिद्ध गणेश—घर-घर गणेश” कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत पचधार स्थित माध्यमिक शाला, विकासखंड कुरई में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकार गजानंद पोडे द्वारा माटी से भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमा बनाकर उपस्थित विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में पर्यावरण एवं जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना को बढ़ावा देना आवश्यक है। माटी की प्रतिमा विसर्जन के बाद प्राकृतिक रूप से मिट्टी में मिल जाती है, जिससे पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव कम होता है।
कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों से आगामी गणेशोत्सव में माटी से निर्मित गणेश प्रतिमा स्थापित करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य मैडम, पालक शिक्षक संघ के अध्यक्ष शेष कुमार, नवांकुर संस्था से मुकेश डहरवाल एवं सुषमा ठाकुर सहित विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अन्य उपस्थितजन मौजूद रहे। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।


