गोंडवाना चौक का लगेगा शिलालेख, शेड और अत्याधुनिक प्रसाधन केंद्र भी बनेगा
जबलपुर। अमर वीर शहीद सेना नायक राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान और ऐतिहासिक गौरव को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विस्तार की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने प्रतिमा स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर ने बताया कि प्रतिमा के सामने स्थित चौराहे पर ऐतिहासिक पहचान को दर्शाते हुए गोंडवाना चौक का शिलालेख स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही परिसर की मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर स्थल को व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाएगा।
निगमायुक्त ने बताया कि आगंतुकों और श्रद्धालुओं को धूप एवं बारिश से राहत देने के लिए स्थल पर शेड निर्माण की स्वीकृति दे दी गई है। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतिमा स्थल के समीप अत्याधुनिक प्रसाधन केंद्र का निर्माण भी कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, दामोदर सोनी, विवेकराम सोनकर, रजनी कैलाश साहू, अंशुल राघवेन्द्र यादव, क्षेत्रीय पार्षद संतोषी ठाकुर सहित उद्यान अधिकारी मनीष तड़से, संभागीय अधिकारी संतोष पाण्डेय, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अर्जुन यादव, सचिन जैन तथा समिति पदाधिकारी किशोरी लाल भलावे, राजेन्द्र चौधरी आदि उपस्थित रहे।


