.जबलपुर- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम उड़ना में विधायक श्री अजय विश्नोई, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के समक्ष स्थानीय कृषक श्री ओमकार पटेल के खेत में लगी धान की फसल पर नैनो यूरिया के छिड़काव का प्रदर्शन किया गया।
उप संचालक कृषि उमेश कटहरे, परियोजना संचालक आत्मा डॉ इंदिरा त्रिपाठी, एसडीएम पाटन मानवेन्द्र सिंह तथा बड़ी संख्या में किसान मौके पर मौजूद थे।
इस अवसर पर ड्रोन संचालक नीलेश पटेल ने उपस्थित अतिथियों और कृषकों को ड्रोन संचालन की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि पारंपरिक तरीकों की तुलना में ड्रोन से छिड़काव करने पर समय, श्रम और पानी तीनों की भारी बचत होती है।
विधायक अजय विश्नोई ने कृषकों को संबोधित करते हुए नैनो उर्वरकों को पूर्णतः स्वदेशी तकनीक पर आधारित बताया और किसानों को इसके अधिक से अधिक उपयोग हेतु प्रोत्साहित किया। अधिकारियों ने इस प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि नैनो तकनीक और ड्रोन का समन्वय कृषि में क्रांतिकारी बदलाव ला रहा है, जिससे किसानों की लागत घटेगी और आय में वृद्धि होगी।


