23 C
Jabalpur
September 14, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

खुशियों की दास्तां
अब अंग्रेजी में भी गाइड देंगे पर्यटकों को जानकारी



बांधवगढ़ में ‘जंगल की पाठशाला’, 200 गाइडों को मिल रही विशेष ट्रेनिंग
1 अक्टूबर से शुरू होगा पर्यटन सीजन, वन्यजीवों से लेकर बांधवगढ़ की विरासत तक की दी जा रही जानकारी
===
शहडोल 13 सितम्बर 2026- विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 1 अक्टूबर से पर्यटन सीजन शुरू होने जा रहा है। पर्यटन सीजन को लेकर प्रबंधन तैयारियों में जुटा है। पर्यटकों को जंगल, वन्यजीव और बांधवगढ़ की प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत की बेहतर जानकारी मिल सके, इसके लिए करीब 200 गाइडों को लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को ‘जंगल की पाठशाला’ नाम दिया गया है।

प्रशिक्षण के दौरान गाइडों को फील्ड विजिट कराई जा रही है। उन्हें वन्यजीवों के पैरों के निशान, उनकी गतिविधियों तथा जंगल में मिलने वाले विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों की पहचान करना सिखाया जा रहा है। इसके साथ ही पर्यटकों की भाषा और समझ के अनुसार जानकारी को सरल एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत करने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

साल के जंगलों की खासियत समझा रहे विशेषज्ञ

प्रबंधन द्वारा गाइडों को बांधवगढ़ के प्राकृतिक जंगलों की विशेषताओं से भी परिचित कराया जा रहा है। विशेषज्ञ उन्हें साल के घने जंगलों, पेड़ों की उम्र, पर्यावरण में उनकी भूमिका तथा उनके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इसका उद्देश्य गाइडों को जंगल की प्राकृतिक संरचना और उसके महत्व की बेहतर समझ देना है, ताकि वे सफारी के दौरान पर्यटकों को इसके बारे में प्रभावी ढंग से बता सकें।

शेषशैय्या और चरणगंगा की भी जानकारी

प्रशिक्षण में बांधवगढ़ की ऐतिहासिक एवं प्राचीन विरासत को भी शामिल किया गया है। ताला क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध शेषशैय्या प्रतिमा भगवान विष्णु की है। प्रतिमा के पैरों से निकलने वाली जलधारा को चरणगंगा नदी कहा जाता है। इसके अलावा मगधी और खितौली क्षेत्रों के प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व के बारे में भी गाइडों को जानकारी दी जा रही है, ताकि पर्यटक सफारी के दौरान जंगल के साथ-साथ बांधवगढ़ की विरासत से भी परिचित हो सकें।

बाघ के साथ पूरी जैव विविधता पर जोर

बांधवगढ़ की पहचान बाघों के लिए भले ही विश्व स्तर पर हो, लेकिन प्रशिक्षण में गाइडों को बाघ के अलावा अन्य वन्यजीवों और पक्षियों की जानकारी देने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। गाइडों को ईगल सहित विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों की पहचान और उनके व्यवहार के बारे में जानकारी दी जा रही है।

प्रबंधन का प्रयास है कि पर्यटकों का अनुभव केवल बाघ देखने तक सीमित न रहे, बल्कि वे सफारी के दौरान बांधवगढ़ के जंगल की पूरी जैव विविधता को भी समझ सकें।

अंग्रेजी भाषा का भी दिया जा रहा प्रशिक्षण

क्षेत्र संचालक श्री अनुपम सहाय ने बताया कि बांधवगढ़ में करीब 200 गाइड हैं, जिन्हें लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पर्यटकों को अधिक से अधिक और सही जानकारी मिल सके, इसके लिए गाइडों को फील्ड ट्रेनिंग कराई जा रही है। गाइडों को अंग्रेजी भाषा का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि हिंदी में समझने में कठिनाई वाले शब्दों को वे पर्यटकों को सरल तरीके से समझा सकें। प्रशिक्षण के दौरान गाइडों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली जा रही है।

अन्य ख़बरें

सर्जिकल स्ट्राइक से ऑपरेशन सिंदूर तक पीएम मोदी की रक्षा नीति से कांपता है दुश्मन : अमित शाह

Newsdesk

अवैध शराब के कारोबार में लिप्त दो आरोपी गिरफ्तार, 60 लीटर कच्ची शराब जब्त

Newsdesk

डॉ. आनंद तिवारी का निधन, चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र में छोड़ी अमिट छाप

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading