लगभग 200 टन कोयला पकड़ा, अनाधिकृत रूट और एक्सपायर्ड टीपी पर कार्रवाई
बिजुरी। अवैध उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजुरी पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 कोयला लोड टेलर जब्त किए हैं। सभी वाहनों में करीब 40-40 टन, कुल लगभग 200 टन कोयला लोड था।
पुलिस के अनुसार, खेडिया क्रेशर के पास रात करीब 1:30 बजे बेलियाछोट की ओर से आ रहे पांचों टेलरों को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि वाहनों को निर्धारित डोला होते हुए बिजुरी साइडिंग जाना था, लेकिन चालक बेलियाछोट से बिजुरी के अनाधिकृत रूट से कोयला परिवहन कर रहे थे। इनमें से दो वाहनों की टीपी की समयावधि भी समाप्त हो चुकी थी।
पुलिस ने सभी पांचों वाहनों को विधिवत जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया है। मामले में मध्यप्रदेश खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण निवारण अधिनियम की धारा 18(1)(5) के तहत कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज शाखा, कलेक्टर कार्यालय अनूपपुर भेजा जा रहा है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक विपुल शुक्ला, सहायकउपनिरीक्षक प्रदीप अग्निहोत्री, आरक्षक रामनिवास गुर्जर, आरक्षक मनोज उपाध्याय एवं थाना बिजुरी पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।


