जनप्रतिनिधि बोले- सेवा कार्यों के जरिए प्रधानमंत्री के जन्मदिन को बनाएं प्रेरणा का अवसर
गीता भवन में रक्तदान शिविर का शुभारंभ, जबलपुर में 364 यूनिट रक्तदान
जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनकी 25 वर्षों की सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत गुरुवार को घंटाघर के समीप गीता भवन में रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना समाज और देश के प्रति योगदान देने का प्रेरणादायी अवसर है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, लोकसभा सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, दिव्यांगजन प्रकोष्ठ अध्यक्ष संदीप रजक, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, जिले के नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य सचिव मनोज श्रीवास्तव, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार तथा जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत मौजूद रहे।
राकेश सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा में समाज और राष्ट्र के लिए योगदान दिया है। उनके जन्मदिन पर सेवा गतिविधियों के जरिए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना उचित पहल है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा सहित विभिन्न गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
रक्तदान शिविर में मनोज श्रीवास्तव, भाजपा महामंत्री रंजीत पटेल सहित बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को अतिथियों ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। शिविर में जिला प्रशासन, नगर निगम तथा विक्टोरिया अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और एल्गिन अस्पताल की चिकित्सा टीमें मौजूद रहीं।
जिले में आयोजित विभिन्न रक्तदान शिविरों में कुल 364 यूनिट रक्तदान हुआ। गीता भवन में 60, एसपी कार्यालय में 52, कंट्रोल रूम सामुदायिक भवन में 32, महाकौशल कॉलेज में 3, कैलाश गुप्ता मेमोरियल सेंटर में 12, जिला चिकित्सालय विक्टोरिया में 35, बरेला में 7, कुंडम में 11, मझौली में 11, पनागर में 23, पाटन में 50, शहपुरा में 40 और सिहोरा में 28 यूनिट रक्तदान दर्ज किया गया।


