जबलपुर। भेड़ाघाट रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरकर घायल हुए 30 वर्षीय युवक को डायल-112 के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए समय पर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार 18 सितंबर को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में सूचना प्राप्त हुई कि थाना भेड़ाघाट क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास एक युवक चलती ट्रेन से गिरकर घायल अवस्था में पड़ा है और उसे पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही थाना भेड़ाघाट में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
डायल-112 वाहन में तैनात आरक्षक अभिषेक राजपूत एवं पायलट सचिन कुमार दुबे मौके पर पहुंचे। पुलिस जवानों ने बताया कि घायल युवक नागपुर जा रहा था और इसी दौरान चलती ट्रेन से गिरकर घायल हो गया। युवक को तत्काल डायल-112 के एफआरवी वाहन से जबलपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
डायल-112 जवानों की तत्परता के चलते घायल युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका और उसे आवश्यक उपचार मिल सका। पुलिस की त्वरित सहायता से युवक के परिजनों को भी राहत मिली।


