कन्या माध्यमिक विद्यालय बस्ती में सेवा संकल्प अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित
अनूपपुर। मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में 5 अक्टूबर 2026 को कन्या माध्यमिक विद्यालय बस्ती में नशा मुक्ति अभियान, स्वच्छता अभियान, फिटनेस अभियान, मतदाता जोड़ो अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम प्रदेश शासन के निर्देशानुसार और कलेक्टर अनूपपुर रत्नाकर झा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सहायक ग्रेड-3 कमलकांत साहू का भी सहयोग रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली से हुई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, स्वच्छता अपनाने, नियमित व्यायाम एवं फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने तथा मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम जुड़वाने का संदेश दिया। इसके बाद विद्यालय परिसर में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर आकर्षक रंगोलियां बनाईं।
रंगोली प्रतियोगिता में नेहा कोल ने प्रथम, रानू कहार ने द्वितीय तथा मानवी रौतेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला खेल प्रशिक्षक एवं जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव रामचंद्र यादव रहे, जबकि अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय कुमार प्रसाद ने की। कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक खेल एवं युवा कल्याण विभाग जैतहरी, स्टेट रेफरी एवं नेशनल ट्रेनर वॉलीबॉल तथा नशा मुक्ति भारत अभियान के राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर दिनेश कुमार सिंह चंदेल, माध्यमिक शिक्षक सरिता प्रजापति, अतिथि शिक्षक विद्या राठौड़ एवं समाजसेवी रमेश प्रजापति उपस्थित रहे।
प्रधानाध्यापक अजय कुमार प्रसाद ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, स्वच्छता, फिटनेस एवं मतदाता जागरूकता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के साथ समाज में भी सकारात्मक संदेश पहुंचाते हैं। उन्होंने रामचंद्र यादव एवं दिनेश कुमार सिंह चंदेल द्वारा लगातार किए जा रहे ऐसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार इस प्रकार के कार्यक्रमों में सदैव सहयोग करता रहेगा।
कार्यक्रम का मंच संचालन एवं जागरूकता नारों का नेतृत्व आयोजक दिनेश कुमार सिंह चंदेल द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वच्छता बनाए रखने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। आयोजकों ने कहा कि नशा मुक्ति, स्वच्छता, फिटनेस और मतदाता जागरूकता जैसे अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाकर ही स्वस्थ, स्वच्छ और जिम्मेदार समाज का निर्माण किया जा सकता है।


