जबलपुर। गोहलपुर पुलिस ने नकबजनी और वाहन चोरी की चार वारदातों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, घरेलू बर्तन सहित टाटा इंट्रा और पिकअप वाहन बरामद किए गए हैं। बरामद माल की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार अमन नगर में सूने मकान से जेवर और 2.75 लाख रुपये की चोरी के मामले में नूरुद्दीन अंसारी उर्फ अज्जु को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने साथी के साथ वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर सोने के पेंडिल, नथ, झुमकी, टीका, लोंग तथा चांदी के आभूषण बरामद किए गए। वहीं दूसरे मकान से फ्रिज, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने के मामले में मोहम्मद इरशाद और भीम उर्फ आदिल खान को गिरफ्तार किया गया।
इसी तरह टाटा इंट्रा पिकअप चोरी के मामले में राजू उर्फ रामगोपाल साहू और वाहन चालक सौरभ दहिया को पकड़ा गया। उनकी निशानदेही पर चोरी का वाहन रीवा जिले में उड़ाकी टोल टैक्स के आगे एक ढाबे के पास से बरामद किया गया। एक अन्य मामले में चोरी की पिकअप खजरी खिरिया के पास से बरामद की गई।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश, एएसपी डॉ. आयुष जाखड़ व सीएसपी शुभम सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रितेश पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।


