मोबाइल लोकेशन से पुलिस पहुंची, बंधक युवक को कराया मुक्त; चोरी की एक्टिवा भी जब्त
जबलपुर। पत्नी और बच्चे के करीब एक सप्ताह से लापता होने के बाद उनकी तलाश में परेशान एक युवक ने अपने साढ़ू को ही अगवा कर लिया। आरोपी ने अपने भाई के साथ मिलकर साढ़ू को शराब पिलाई और पत्नी के बारे में पूछताछ की। जानकारी नहीं मिलने पर उसे एक्टिवा से धनवंतरी नगर के परसवाड़ा स्थित एक कमरे में ले जाकर हाथ-पैर बांध दिए और मारपीट की। सूचना मिलने पर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर बंधक बनाए गए युवक को सकुशल मुक्त कराया।
पुलिस के अनुसार कृष्णा राजौरिया की पत्नी अंजली अपने बच्चे के साथ करीब एक सप्ताह से लापता है। कृष्णा को संदेह था कि उसकी बड़ी बहन काजल और उसका पति रोहित कोल अंजली के बारे में जानकारी रखते हैं। इसी संदेह के चलते रविवार शाम कृष्णा ने रोहित को मिलने के लिए बुलाया।
बताया गया कि कृष्णा ने पहले रोहित को शराब पिलाई और पत्नी के संबंध में पूछताछ की। रोहित ने किसी जानकारी से इनकार किया तो कृष्णा अपने भाई आयुष राजौरिया के साथ उसे एक्टिवा पर बैठाकर परसवाड़ा, धनवंतरी नगर स्थित एक कमरे में ले गया। वहां दोनों ने रोहित को कमरे में बंद कर उसके हाथ-पैर बांध दिए और मारपीट की।
उधर, रोहित के घर नहीं लौटने पर उसकी पत्नी काजल ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रोहित के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और बताए गए स्थान पर पहुंची। कमरे में रोहित बंधक हालत में मिला, जिसे पुलिस ने मुक्त कराया।
चोरी की एक्टिवा से ले गए थे
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ग्रे रंग की एक्टिवा क्रमांक MP 20 SF 1224 भी जब्त की है। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि उक्त एक्टिवा गोरखपुर/ग्वारीघाट थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस ने कृष्णा राजौरिया और आयुष राजौरिया को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से बंधक बनाने, मारपीट और चोरी की एक्टिवा के संबंध में पूछताछ की जा रही है।


