जमघट होटल के बाहर से चोरी हुई थी बाइक, तीन पत्ती चौक के पास आरोपी पकड़ा गया
जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र में जमघट होटल के बाहर से चोरी हुई यामाहा R15 बाइक को पीड़ित युवक और उसके दोस्तों ने अपनी सूझबूझ से कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया। युवकों ने तीन पत्ती चौक के पास बाइक लेकर घूम रहे संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार गुप्तेश्वर निवासी विकास विश्वकर्मा देर रात करीब 12 बजे दोस्तों के साथ जमघट होटल में खाना खाने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद जब वे बाहर आए तो होटल के सामने खड़ी उनकी यामाहा R15 बाइक गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चला। इसके बाद विकास ने मदन महल थाने पहुंचकर बाइक चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद भी विकास और उसके दोस्तों ने तलाश जारी रखी। वे छोटी ओमती, ओमती, बस स्टैंड सहित आसपास के इलाकों में बाइक की तलाश करते रहे। इसी दौरान तीन पत्ती चौक के पास उन्हें एक युवक चोरी गई R15 बाइक के साथ नजर आया।
युवकों ने बिना देर किए संदिग्ध को घेरकर पकड़ लिया और बाइक अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के आधार पर अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी सामने आने की संभावना है।


