बाईपास के पास अचानक अनियंत्रित हुई बस, डायल-112 ने घायलों को पहुंचाया अस्पतालजबलपुर/छिंदवाड़ा। जबलपुर से छिंदवाड़ा जा रही सूत्र सेवा की बस मंगलवार सुबह हादसे का शिकार हो गई। छिंदवाड़ा पहुंचने से पहले बाईपास के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के दौरान बस में सवार करीब एक दर्जन यात्रियों को चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
क्रेन से हटाई गई दुर्घटनाग्रस्त बस
हादसे में सूत्र सेवा की बस क्रमांक एमपी04 पीए 3660 क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस की मौजूदगी में क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटाकर सीधा कराया गया। बस के सड़क पर पलटने के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस अचानक अनियंत्रित होने के बाद पलटी। हादसे के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में उपचाररत घायल यात्रियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


