काम की तलाश में मुंबई जा रहा था बालक, रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से मिली सहायता
जबलपुर। काशी एक्सप्रेस में अकेले यात्रा कर रहे 13 वर्षीय बालक को टिकट चेकिंग स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तत्परता से सहायता मिली। बालक की कम उम्र और अकेले यात्रा करने की जानकारी मिलने पर रेलवे कर्मचारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 15018 काशी एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान 13 वर्षीय नोमान हुसैन बी-1 कोच के दरवाजे के पास मिला। ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात टिकट चेकिंग स्टाफ सेवाराम झरिया ने उससे पूछताछ की। इस दौरान बालक ने बताया कि वह अकेले मुंबई जा रहा है। उसने यह भी बताया कि उसके माता-पिता नहीं हैं और वह अपनी दादी के साथ रहता है। बालक के मुताबिक, वह काम के सिलसिले में मुंबई जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वाणिज्य नियंत्रक अमित चंसौरिया ने नरसिंहपुर रेलवे सुरक्षा बल को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई के लिए समन्वय किया। इसके बाद बालक को आरपीएफ स्टाफ के मोहनलाल मिश्रा के सुपुर्द किया गया।
टिकट चेकिंग स्टाफ की सजगता और वाणिज्य नियंत्रक द्वारा समय पर सूचना दिए जाने से बालक को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
यह घटना रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता, मानवीय संवेदनशीलता और विभागीय समन्वय को दर्शाती है।


