’
विद्युत, पुलिस, यातायात और नगर निगम अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर
जबलपुर। संस्कारधानी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान श्री गोविंदगंज रामलीला के आयोजन को सुव्यवस्थित और निर्बाध बनाने के लिए उत्तर-मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अभिलाष पांडेय ने रामलीला समिति के पदाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर चर्चा की गई।
इस दौरान विधायक डॉ. पांडेय ने घोषणा की कि ऐतिहासिक मिलौनीगंज चौक का नाम जल्द ही बदलकर ‘रामलीला चौक’ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री गोविंदगंज रामलीला संस्कारधानी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसकी परंपरा, गरिमा और सुरक्षा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विद्युत और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में रामलीला समिति के अध्यक्ष अनिल तिवारी और अन्य पदाधिकारियों ने मंचन स्थल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, मार्गों की स्थिति और साफ-सफाई से संबंधित समस्याएं रखीं। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को मंचन स्थल और प्रमुख मार्गों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, आवश्यक बैकअप व्यवस्था रखने तथा झूलते बिजली के तारों को दुरुस्त करने के लिए कहा गया। वहीं, पुलिस और यातायात विभाग को भीड़ नियंत्रण, महिला सुरक्षा, प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी निगरानी, सुगम यातायात और व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर निर्देश
नगर निगम अधिकारियों को रामलीला परिसर और आसपास के मार्गों पर नियमित सफाई, फॉगिंग, कीटनाशक छिड़काव, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, मोबाइल टॉयलेट और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विधायक ने कहा कि आयोजन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाए और रामलीला के अंतिम दिन तक विभागों के बीच समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में श्री गोविंदगंज रामलीला समिति के अध्यक्ष अनिल तिवारी सहित समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी, पुलिस, विद्युत, नगर निगम और यातायात विभाग के अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


