नगर निगम अध्यक्ष रिंकुज विज ने प्रस्तावों को दी मंजूरी, सड़क चौड़ीकरण में बाधक भवनों की क्षतिपूर्ति का प्रस्ताव भी स्वीकृत
जबलपुर। नगर निगम अध्यक्ष रिंकुज विज ने शहर के विभिन्न मार्गों का नामकरण प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम पर करने संबंधी प्रस्तावों को सदन की बैठक में विचारार्थ प्रस्तुत किए जाने की प्रत्याशा में स्वीकृति प्रदान कर नगर निगम आयुक्त को प्रेषित किया है। इन प्रस्तावों का उद्देश्य समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों की स्मृतियों को सम्मान देना है। इसके साथ ही दमोहनाका से पाटन मार्ग पर फ्लाईओवर क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित भवनों और भूमि की क्षतिपूर्ति का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया है।
इन मार्गों के नामकरण के प्रस्ताव
नगर निगम अध्यक्ष द्वारा स्वीकृत प्रस्तावों के अनुसार रानीताल चौक स्थित भाजपा कार्यालय के समीप से पत्रकार कॉलोनी जाने वाले मार्ग का नाम वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल मार्ग रखा जाएगा।
राइट टाउन में बेस्ट हॉस्पिटल के सामने चंद्रिका अपार्टमेंट के पीछे से साईं मंदिर के पीछे होते हुए डॉ. वाजपेयी के निवास तक जाने वाले मार्ग का नाम वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. राजेंद्र तिवारी मार्ग रखने का प्रस्ताव है।
इसी तरह दमोहनाका से दीनदयाल चौक मार्ग पर गायत्री गेट से गायत्री मंदिर तक के मार्ग का नाम अश्वमेध पथ तथा डिलाइट तिराहे से माता मरियम चौक तक नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले मार्ग का नाम योगेंद्र सिंह योगी जी मार्ग रखने का प्रस्ताव है।
सड़क चौड़ीकरण के लिए क्षतिपूर्ति
इसके अतिरिक्त दमोहनाका से पाटन मार्ग पर फ्लाईओवर क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के दौरान बाधक भवनों एवं भूमि के बदले क्षतिपूर्ति राशि दिए जाने संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।
नगर निगम अध्यक्ष की ओर से 14 अक्टूबर 2026 को जारी इस संबंध में प्रस्तावों को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए नगर निगम आयुक्त को भेजा गया है।


