एसपी सम्पत उपाध्याय ने राजपत्रित अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यवाहियों की समीक्षा की
जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में राजपत्रित अधिकारियों की बैठक लेकर पूर्व में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की संभागवार समीक्षा की। बैठक में लंबित अपराधों, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, साइबर अपराधों और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की स्थिति पर चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनिवाल, एएसपी जोन-4 पल्लवी शुक्ला, एएसपी जोन-5 अंजना तिवारी और एएसपी यातायात अखिलेश तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
एसपी ने हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी, नकबजनी, एससी-एसटी एक्ट और महिला संबंधी अपराधों के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों का समय पर निराकरण करने को कहा।
सीसीटीएनएस के तहत ई-साक्ष्य, ई-विवेचना, ई-एफआईआर, ई-चालान और ई-समन में आ रही तकनीकी समस्याओं की जानकारी लेकर समाधान के निर्देश दिए। ई-जीरो एफआईआर की जांच पूरी कर पोर्टल पर लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने तथा 60-90 दिन से लंबित चालानों की मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।
एसपी ने साइबर ठगी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों को राहत दिलाने और कार्बाइड गन पर प्रतिबंध संबंधी आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।


