भोपाल, 28 जुलाई (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश सरकार ने संपत्ति खरीदने और बेचने वालों को बड़ी राहत दी है क्योंकि इस साल संपत्ति की गाइड लाइन की दरों में इजाफा न करने का फैसला लिया है। आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश शासन ने आम लोगों को राहत देने के उद्देश्य से इस वर्ष संपत्ति की गाइडलाइन की दरों में वृद्धि नहीं करने का फैसला किया है। इस वर्ष मौजूदा गाइडलाइन से ही संपत्ति की खरीद और बिक्री होगी। साथ ही पांच हजार ऐसे स्थान जहां दरें निर्धारित नहीं थीं वहां दरें निर्धारित की जाएंगी।
ज्ञात हो कि कोरोना महामारी के चलते राज्य के भवन निर्माण उद्येाग प्रभावित हुआ है। एक तरफ जहां निर्माण सामग्री की दरों में इजाफा हुआ है तो दूसरी ओर संपत्ति की गाइडलाइन की दरों में वार्षिक होने वाली वृद्धि का खतरा सताए जा रहा था। सरकार ने संपत्ति की गाइडलाइन की दरों में बढ़ोत्तरी न करने का फैसला लेकर जहां खरीदारों को राहत दी है, वहीं इस कारोबार में लगे लोगों को कारोबार में गति आने की संभावना नजर आने लगी है ।


