भोपाल के वीआईपी रोड पर रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पति-पत्नी लगभग आधे घंटे तक सड़क पर तड़पते रहे। इसी दौरान वहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का काफिला भी गुजरा, लेकिन पुलिस घायलों को अस्पताल ले जाने के बजाय सड़क खाली कराने में जुटी रही। इस दौरान भीड़ जमा हो गई, और अंततः लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय आकाश मालवीय के रूप में हुई है, जो गोंडीपुरा के निवासी और एक मेडिकल स्टोर पर सेल्समैन थे। वह अपनी पत्नी परी के साथ ससुराल में शादी में शामिल होने जा रहे थे, जब होटल नूर-उस-सबा के पास उनका एक्सीडेंट हो गया। परी को भी चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
परिजनों ने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मारी या आकाश खुद डिसबैलेंस होकर गिरे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे का सही कारण जानने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


