19.9 C
Jabalpur
October 30, 2026
सी टाइम्स
अंतरराष्ट्रीयराष्ट्रीय

गाजा में हर घंटे एक बच्चा मारा जाता है: संयुक्त राष्ट्र

एजेंसी गाजा, 25 दिसम्बर। फिलिस्तीन शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) के मुताबिक गाजा पट्टी में हर घंटे एक बच्चा मारा जा रहा है। यूएनआरडब्लूए ने बताया, ”यूनिसेफ के अनुसार युद्ध की शुरुआत से अब तक गाजा में 14,500 बच्चों की मौत हो चुकी है। हर घंटे एक बच्चा मारा जाता है। ये संख्याएं नहीं हैं। ये असमय मौत के घाट उतारी जा रही जिंदगियां हैं।” इसमें कहा गया, ”बच्चों की हत्या को उचित नहीं ठहराया जा सकता। जो बच जाते हैं, वे शारीरिक और भावनात्मक रूप से पीड़ित हो जाते हैं। गाजा में पढ़ाई से वंचित बच्चे मलबे छानती दिख जाते हैं।” आगे कहा गया, “इन बच्चों के लिए समय बीतता जा रहा है। वे अपना जीवन, अपना भविष्य और सबसे बढ़कर अपनी उम्मीद खो रहे हैं।” 7 अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इजरायली सीमा के माध्यम से हमास के उत्पात का बदला लेने के लिए इजरायल गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ बड़े पैमाने पर आक्रमण कर रहा है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, गाजा स्थित स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि गाजा पट्टी में चल रहे इजरायली हमलों में फिलिस्तीनी मृतकों की संख्या बढ़कर 45,338 हो गई है। सोमवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हमास के साथ बंधकों के लिए संघर्ष विराम समझौते को सील करने के प्रयासों में प्रगति हुई है लेकिन समयसीमा अभी भी अस्पष्ट है। इजरायली संसद नेसेट के समक्ष नेतन्याहू ने कहा, “मुझे नहीं पता कि इसमें कितना समय लगेगा।” सोमवार को ही विदेश मंत्री गिदोन सा’र ने नेसेट विदेश मामलों और रक्षा समिति की एक बैठक के दौरान समझौते के कुछ हिस्सों को रेखांकित किया और इसे “चरणबद्ध, क्रमिक रूपरेखा” करार दिया। इजरायली और फिलिस्तीनी मीडिया ने बताया कि कतर, मिस्र और अमेरिकी मध्यस्थों के नेतृत्व में प्रयासों ने प्रगति दिखाई है, हालांकि अभी भी कोई सफलता नहीं मिली है।

अन्य ख़बरें

कर्नाटक: पुलिस ने स्टिंग ऑपरेशन मामले में सिद्धारमैया को क्लीन चिट दी

Newsdesk

पंजाबी यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन पर सख्ती, एडमिन ब्लॉक बंद करने पर 18 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

Newsdesk

गुजरात: दीपावली से पहले खाद्य कारोबारियों के लिए रैपिड टेस्ट किट अनिवार्य, मिलावट रोकने के लिए लिया गया फैसला

Newsdesk

Leave a Comment