24.9 C
Jabalpur
September 11, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

शहडोल – जनजातियों का चल रहा स्वर्णिम युग- राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल

Shahdol news – 28 फरवरी 2025- मध्य प्रदेश के माननीय राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि आज का युग जनजातियों के लिए स्वर्णिम युग है। जहां जनजातियों के लिए केंद्र एवं राज्य शासन के द्वारा अनेक महत्वाकांक्षी एवं कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है तथा जनजातियों को सीधे तौर पर इनका लाभ प्राप्त हो रहा है, जिससे जनजातीय समुदाय सशक्त एवं आत्मनिर्भर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में बैगा, भारिया एवं सहरिया विशेष पिछड़ी जनजातियों के रूप में चिन्हित हैं, इनके उत्थान एवं समाज के मुख्य धारा में जोड़ने के लिए सरकार द्वारा अनेकों प्रयास किए जा रहे है। मध्य प्रदेश के माननीय राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल आज उमरिया जिले के ग्राम पंचायत लोढ़ा में पीएम जनमन योजना के अंतर्गत लाभान्वित बैगा समुदाय के हितग्राहियों से संवाद कर रहे थे।

राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल ने जनजातियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि जीवन में प्रगति के लिये शिक्षा सबसे जरूरी है। शिक्षा के बिना कोई भी व्यक्ति या समाज प्रगति नहीं कर सकता। जनजातीय समुदाय के लोगों को अपने बच्चों को शिक्षित करने की दिशा में कार्य करना सबसे महत्वपूर्ण हैं, बेटे के साथ-साथ बेटी को भी शिक्षित करें, तभी हम प्रगति की मुख्य धारा से जुड़ सकेंगे। उन्होंने जनजातीय छात्र-छात्राओं से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों कि जनजातीय विद्यार्थियों में से कौन-कौन स्कूल जा रहा है अथवा नहीं यह देखें तथा बच्चों को स्कूल जाने के लिए प्रेरित करें।  बच्चों को विद्यालय में कैसी शिक्षा दी जा रही है इसकी भी जानकारी लें तथा बच्चों के अभिभावक स्वयं बच्चों को एक घंटा समय निकालकर अवश्य पढ़ाएं। जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा प्राप्त हो सके तथा बच्चों का बेहतर भविष्य का निर्माण हो सके।

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों को हमारे मध्य प्रदेश के जनजातीय महानायक टांट्या भील, रानी दुर्गावती सहित अन्य महानायकों की जीवनी को पढ़ाएं तथा उन्होंने देश के उत्थान में किस प्रकार योगदान दिए हैं, जनजातीय बच्चों को बताएं। उन्होंने कहा कि सहरिया, भारिया एवं बैगा समुदाय के विकास के लिये केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार ने पीएम जनमन योजना के लिये 24 हजार करोड़ रूपए का प्रावधान किया है। इसके माध्यम से सहरिया, भारिया एवं बैगा समुदाय के लोगों को आवास के साथ-साथ अन्य मूलभूत सुविधायें भी मुहैया कराई जा रही हैं। उन्होंने सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों से कहा कि जनजातीय लोग बहुत ही भावुक होते हैं, आप उनके यहां जाएंगे तो वह बिना खाना खिलाए आपको आने नहीं देंगे। वह अपनी थाली आपको परोस देंगे। आप जब भी अपने क्षेत्र के भ्रमण में निकले तो जनजातीय परिवारों से अवश्य मिले तथा उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है, अथवा नहीं इसकी जानकारी अवश्य लेकर उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाए।

राज्यपाल ने कहा कि उमरिया जिला भी जनजातीय बाहुल्य जिला है, जहां जनजातीय परिवारों के लिए प्रशासन की ओर से अनेक कार्य किए गए हैं। इन परिवारों को आधार-कार्ड, आयुष्मान-कार्ड, लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी जैसी अनेक योजनाओं का लाभ दिया गया है। पीएम जनमन योजना के तहत चयनित हितग्राहियों को पक्के आवास की भी सुविधा मुहैया कराई गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी आवास प्रदान किए गए हैं। बच्चों की शिक्षा के लिये आंगनबाड़ी और प्राथमिक विद्यालय भी ग्राम पंचायत में संचालित है।

इस दौरान राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने लाड़ली लक्ष्मी योजना, आयुष्मान कार्ड तथा मुन्ना बैगा को फूड बास्केट का वितरण भी किया।

*राज्यपाल ने प्राथमिक शाला भवन टंगराटोला के तृतीय कक्षा के विद्यार्थियों से किया संवाद*

मध्य प्रदेश के माननीय राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने आज उमरिया जिले के ग्राम पंचायत लोढ़ा के प्राथमिक शाला भवन टंगराटोला के कक्षा तृतीय के विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व को बताया तथा उन्हें व्यायाम करने, मोटा अनाज/ मिलेट्स का सेवन करने, ज्यादा से ज्यादा पानी पीने एवं भरपूर नींद लेने की बात कही। इस दौरान राज्यपाल ने बच्चों से देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा मध्य प्रदेश के राज्यपाल अर्थात स्वयं के नाम भी पूछा। माननीय राज्यपाल द्वारा पूछे गए प्रश्नों के बच्चों ने सटीक जवाब दिए। जिस पर माननीय राज्यपाल ने खुशी जाहिर की।

*राज्यपाल ने आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र टंगराटोला में मनाया बच्चों का जन्मदिवस*

मध्य प्रदेश के माननीय राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने आज उमरिया जिले के ग्राम पंचायत लोढ़ा के आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र टंगराटोला में बच्चों का जन्मदिन केक काटकर मनाया तथा बच्चों को शुभाशीष एवं उपहार दिए। इस दौरान राज्यपाल ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती कुसुम यादव से बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र में मिलने वाली सुविधाओं एवं संदर्भ सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान राज्यपाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पौष्टिक आहार किड्स प्रदान किया।

कार्यक्रम में सांसद शहडोल संसदीय क्षेत्र श्रीमती हिमाद्री सिंह, विधायक मानपुर सुश्री मीना सिंह, विधायक बांधवगढ़ श्री शिव नारायण सिंह, कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता, पुलिस महा निरीक्षक शहडोल जोन श्री अनुराग शर्मा, डीआईजी शहडोल जोन सुश्री सविता सुहाने, कलेक्टर उमरिया श्री धरणेन्द्र कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू, सरपंच लोढ़ा श्रीमती रेखा कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिले के समस्त विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे।

अन्य ख़बरें

धान में कीट प्रकोप बढ़ा, जैविक कीटनाशकों से करें फसल की सुरक्षा

Newsdesk

खुशियों की दास्ता

Newsdesk

सिमेरिया फार्म में शासकीय दर पर उपलब्ध है उन्नत मत्स्य बीज

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading