Tamil Nadu News – तमिलनाडु में पलानी के पास कनकंपट्टी में एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। पुडुकोट्टई जा रही एक प्राइवेट बस के ड्राइवर प्रभु को अचानक दिल का दौरा पड़ा और वह स्टीयरिंग पर ही बेहोश हो गए। हालांकि, कंडक्टर की सूझबूझ से एक बड़ी दुर्घटना को टाला जा सका।
घटना उस समय हुई जब बस पुडुकोट्टई की ओर जा रही थी। ड्राइवर प्रभु को अचानक दिल का दौरा पडऩे के बाद बस अनियंत्रित होने लगी। स्थिति को भांपते हुए, बस के कंडक्टर ने तुरंत हाथ से ब्रेक दबाकर बस को रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। यात्रियों ने तुरंत ड्राइवर को संभालने का प्रयास किया, लेकिन दुखद रूप से उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें यह पूरा वाकया कैद हो गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कंडक्टर की त्वरित कार्रवाई और यात्रियों की सजगता ने अनगिनत लोगों की जान बचाई, हालांकि ड्राइवर प्रभु के असामयिक निधन से सभी दुखी हैं।
Read Also – बीजेपी नेता का महिला के साथ एक्सप्रेसवे पर आपत्तिजनक वीडियो हुआ वायरल, FIR दर्ज


