20.3 C
Jabalpur
October 30, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिक

अमेरिका से शादी करने पंजाब आई 71 वर्षीय NRI महिला की हत्या, दूल्हे पर हत्या का आरोप

लुधियाना। अमेरिका के सिएटल से पंजाब शादी के लिए आई 71 वर्षीय एनआरआई महिला रुपिंदर कौर पंधेर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रुपिंदर का विवाह लुधियाना मूल के, ब्रिटेन (यूके) में बसे 75 वर्षीय एनआरआई चरणजीत सिंह ग्रेवाल से होना तय था। लेकिन पुलिस जांच में सामने आया है कि रुपिंदर की हत्या उसी के होने वाले पति ने करवायी।

लुधियाना पुलिस के अनुसार, रुपिंदर का शव जुलाई में लापता होने के कुछ दिन बाद लुधियाना के घुंगराना गांव में नाले से बरामद किया गया। उसके क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन के अवशेष भी वहीं से मिले।

पुलिस ने बताया कि हत्या का आरोप लुधियाना निवासी सुखजीत सिंह सोनू पर है, जिसने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने ग्रेवाल के कहने पर रुपिंदर की हत्या की। बदले में उसे 50 लाख रुपये देने का वादा किया गया था। सोनू ने कबूल किया कि उसने 12 जुलाई को अपने घर में रुपिंदर की बेरहमी से बेसबॉल बैट से हत्या की। इसके बाद शव को जलाया, चार बोरों में भरकर नाले में फेंक दिया।

पुलिस ने बताया कि हत्या की वजह वित्तीय लाभ था। रुपिंदर ने पंजाब आने से पहले ग्रेवाल को बड़ी रकम ट्रांसफर की थी। लेकिन रकम मिलने के बाद ग्रेवाल ने शादी से इनकार कर दिया और सोनू को रुपये देने का लालच देकर हत्या की साजिश रची। पुलिस ने यह भी बताया कि वादा किए गए 50 लाख रुपये सोनू को अब तक नहीं मिले।

मामला तब खुला जब रुपिंदर की बहन कमल कौर खैरा ने 24 जुलाई को उसकी फोन कॉल्स बंद पाईं। 28 जुलाई को उन्होंने दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास को सूचित किया, जिसके बाद लुधियाना पुलिस हरकत में आई। शुरुआत में सोनू ने खुद गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी और पुलिस को गुमराह करते हुए कहा था कि रुपिंदर कनाडा में शादी समारोह में गई है।

जांच में खुलासा हुआ कि ग्रेवाल और सोनू की पहचान 2014 में आप (Aam Aadmi Party) के एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। इसके बाद सोनू रुपिंदर के नजदीक आया और उसने संपत्ति विवाद में उसकी मदद भी की थी। रुपिंदर कई बार पंजाब आने पर सोनू के घर पर ही ठहरती थी और उसने उसे पावर ऑफ अटॉर्नी भी सौंप रखी थी।

लुधियाना पुलिस रेंज के डीआईजी सतिंदर सिंह ने पुष्टि की कि मामले में मुख्य आरोपी चरणजीत सिंह ग्रेवाल है, जो इस समय ब्रिटेन में रह रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और इंटरपोल व अन्य एजेंसियों के जरिए उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

फिलहाल पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कबूलनामे के आधार पर फॉरेंसिक टीम साक्ष्य इकट्ठा कर रही है। वहीं, रुपिंदर के बैंक खातों से हुए लेनदेन की भी जांच की जा रही है।

यह मामला एनआरआई शादियों और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

अन्य ख़बरें

जबलपुर की मॉडल रोड बनाने वाले पूर्व IAS रमेश थेटे गिरफ्तार, कोर्ट से मिली जमानत

Newsdesk

मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना से नन्हे राजवीर को मिला नया जीवन

Newsdesk

बिजली बिल के बड़े बकायेदारों की संपत्ति होगी कुर्क, लापरवाही पर कनिष्ठ अभियंता नपे

Newsdesk

Leave a Comment