19.8 C
Jabalpur
October 29, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिकबॉलीवुडमनोरंजन

मैनेजर से मारपीट मामले में केरल कोर्ट ने मलयालम अभिनेता उन्नी मुकुंदन को भेजा समन

चेन्नई, 22 सितं। केरल की कक्कानाड मजिस्ट्रेट कोर्ट ने मारपीट के एक केस में मलयालम फिल्मों के अभिनेता उन्नी मुकुंदन को तलब किया है। अदालत ने उन्हें 27 अक्टूबर को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है। दरअसल, कुछ समय पहले उन्नी मुकुंदन के खिलाफ उनके पुराने मैनेजर विपिन कुमार ने मारपीट का आरोप लगाकर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी।

मैनेजर ने बताया था कि उन्नी मुकुंदन ने उसे इसलिए पीटा क्योंकि विपिन ने टोविनो थॉमस की फिल्म ‘नारिवेटा’ की तारीफ करते हुए एक पोस्ट अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था। वह दूसरे अभिनेता की तारीफ करने पर इतने भड़के कि उन्होंने उन्हें खूब मारा-पीटा। इस दौरान अभिनेता ने विपिन कुमार को अपशब्द भी कहे थे। इस साल की शुरुआत में, 31 मई को, एर्नाकुलम जिला अदालत ने मुकुंदन की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई की थी।

अदालत ने याचिका का निपटारा करते हुए कहा कि पुलिस ने केवल जमानती धाराएं ही लगाई हैं। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस जांच जारी रख सकती है। मामले की गहन जांच-पड़ताल करने के बाद कक्कानाड मजिस्ट्रेट कोर्ट ने अब उन्नी मुकुंदन को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए समन जारी किया है। इन्फोपार्क पुलिस ने मुकुंदन के खिलाफ जमानती प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया था। इसमें मारपीट और अभद्र भाषा के इस्तेमाल के आरोप शामिल हैं।

विपिन कुमार ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उन्नी मुकुंदन अपनी फिल्म ‘मार्को’ के कारण महत्वपूर्ण नए प्रोजेक्ट न मिलने के कारण तनाव में थे। इसके चलते ही वो अपने आसपास के लोगों पर अक्सर गुस्सा निकालते थे। अदालती कार्यवाही अब आगे बढ़ रही है, और अभिनेता को अगले महीने के अंत में समन का पालन करना होगा।

वहीं अभी तक उन्नी मुकुंदन का इस मामले पर कोई बयान सामने नहीं आया है। वहीं दूसरी तरफ हाल ही में यह घोषणा की गई थी कि उन्नी मुकुंदन पीएम मोदी की बायोपिक ‘मां वंदे’ में पीएम की भूमिका निभाएंगे। इस प्रोजेक्ट को उन्होंने खुद के लिए सुनहरा अवसर बताया था।

अन्य ख़बरें

सनबर्न फेस्टिवल 2026 की क्लोजिंग पार्टी में ह्यूगेल और मोचाक समापन करेंगे

Newsdesk

सूर्या हाफ मैराथन की ट्रायल दौड़ 1 नवंबर को, जुटेंगे 1000 धावक

Newsdesk

नगर निगम की जनसुनवाई में 38 आवेदन प्राप्त, समस्याओं के निराकरण के निर्देश

Newsdesk

Leave a Comment