===
क्लस्टर स्तर पर आयोजित किए जाएंगे समाधान शिविर
===
शहडोल 16 फरवरी 2026- सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने बताया कि शासन द्वारा केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित 106 योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिलाने के उद्देश्य से संकल्प से समाधान अभियान संचालित किया जा रहा है। प्रथम चरण में घर-घर संपर्क कर शिकायतें प्राप्त की गईं तथा उनका निराकरण भी स्थानीय निकायों एवं विभागों द्वारा किया गया है। संकल्प से समाधान अभियान का दूसरा चरण जिले में 17 फरवरी से प्रारंभ हो रहा है। इस चरण में क्लस्टर स्तर पर शिविर लगाकर शिकायतों का निराकरण किया जाना है। इसके साथ ही जो हितग्राही प्रथम चरण के अभियान में अपनी शिकायतें नहीं दर्ज करा पाए है। उनकी शिकायतें भी दर्ज की जा सकेंगी। सीईओ जिला पंचायत ने निर्देश दिए कि जिन पंचायतों अथवा नगरीय वार्डों में कम शिकायतें प्राप्त हुई हैं, वहां अभियान की जानकारी देकर शिकायतें प्राप्त की जाएं। प्राप्त शिकायतों का क्लस्टर स्तर पर निराकरण भी किया जाए। जिन शिकायतों का निराकरण इन शिविरों से संभव नहीं होगा उनका निराकरण तीसरे चरण में जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों के माध्यम से किया जाएगा।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अन्तोनिआ एक्का, सुश्री अर्चना मिश्रा, श्रीमती गैलेक्सी नागपुरे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


