जबलपुर। नेशनल हाईवे 45 में बना ओवर ब्रिज का दूसरा हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो जाने से आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। बताया जाता है कि शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज का हिस्सा शाम 5 बजे नीचे गिर गया।
शहपुरा-भोपाल रोड ओवर ब्रिज गिरने से शहपुरा नगर से यातायात को डायवर्ट किया गया है। जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। टोल प्लाजा के मैनेजर का कहना हे कि हमने टोल पर वाहनों को बिना किसी शुल्क दिए निकलने की अनुमति दे रखी है। इधर ,युवक कांग्रेस ने ओवर ब्रिज पर जाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2025 के मध्य में जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे 45 पर स्थित शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज (जबलपुर के पास) का एक हिस्सा धंस गया और क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके बाद वाहनों का आवागमन दुसरे बचे हुए हिस्से हो रहा था, लेकिन बढ़े हुए दबाव को वह भी नहीं झेल पाया।
खास बात यह है कि यह पुल मुश्किल से 3 साल पहले ही बना था और धंसने की वजह घटिया निर्माण और खराब इंजीनियरिंग बताई जा रही है। पुल का हिस्सा धंसने से जबलपुर से भोपाल और नरसिंहपुर की तरफ जाने वाला हाईवे प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों ने इसे बड़ी लापरवाही बताते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं।


