24.7 C
Jabalpur
September 19, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण – विधायक श्रीमती मनीषा सिंह

=====
पत्र सूचना कार्यालय द्वारा शहडोल में मीडिया वार्तालाप का आयोजन
=====
शहडोल 07 मार्च 2026-मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने और जनता की भावनाओं को सरकार तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। विकास का कोई भी स्वप्न मीडिया के सहयोग के बिना पूरा नहीं हो सकता।
विधायक श्रीमती मनीषा सिंह यह विचार पत्र सूचना कार्यालय, भोपाल (सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा विजयश्री होटल, शहडोल में विकसित भारत @2047 पर केंद्रित मीडिया वार्तालाप कार्यक्रम में व्यक्त कर रही थीं। इस अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय भोपाल के निदेशक श्री मनीष गौतम तथा अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह भी उपस्थित थे।
विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि देश की दशा और दिशा बदलने के लिए प्रधानमंत्री दिन-रात कार्य कर रहे हैं। हम सभी का दायित्व है कि हम उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर राष्ट्र के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बड़े पैमाने पर गांवों की तस्वीर बदली है। गांव से शहर तक सड़कों का मजबूत नेटवर्क बनने से ग्रामीण उत्पादों का शहरों के बाजार तक पहुँचना आसान हुआ है, जिससे गांवों के विकास को गति मिली है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से इस कृषि प्रधान देश में कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
पत्र सूचना कार्यालय भोपाल के निदेशक श्री मनीष गौतम ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच सार्थक संवाद से जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाना आसान हो जाता है। मीडिया सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करती है। प्रशासन और मीडिया के बीच संवाद को बढ़ावा देने तथा केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी पत्रकारों को सीधे देने के उद्देश्य से पत्र सूचना कार्यालय द्वारा समय-समय पर विभिन्न जिलों में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश को अपनी बढ़ती आबादी के अनुरूप अन्न, वस्त्र और आवास की व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है। मीडिया के सकारात्मक सुझाव सरकार के कार्यों को पारदर्शी बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम में उपसंचालक कृषि श्री अनुराग पटेल ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वैज्ञानिक श्री बृजकिशोर प्रजापति ने फसलों की उन्नत प्रजातियों के विकास तथा किसानों को समय पर मौसम संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे नवाचारों के बारे में बताया। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. शुक्ला ने आयुष्मान भारत सहित स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। वहीं लीड बैंक मैनेजर श्री अमित चौरसिया ने पीएम विश्वकर्मा, मुद्रा लोन, जनधन योजना तथा स्वसहायता समूहों के लिए चलाई जा रही वित्तीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में मीडिया की ओर से श्री दिनेश अग्रवाल, श्री गोपालदास बंसल, श्री अजय जायसवाल सहित अन्य पत्रकारों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मिडिया के पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक पराग मांदले ने किया।

अन्य ख़बरें

सेवा संकल्प अभियान के तहत आईएसबीटी में लगा निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर

Newsdesk

हिंदू कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग

Newsdesk

91 लाख की आय, खर्च 1.68 करोड़; RDVV के पूर्व कर्मचारी नेता का कारनामा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading