कक्षा 5वीं में राज्य में दूसरा, 8वीं में तीसरा स्थान
कक्षा 5वीं एवं 8वीं के परीक्षा परिणामों में बालाघाट जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर टॉप फाइव में स्थान बनाया है। कक्षा 5वीं में बालाघाट जिला पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान पर रहा है। इस कक्षा में कुल 25,936 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 25,755 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। जिले का कुल परीक्षा परिणाम 99.30 प्रतिशत रहा। इसी प्रकार कक्षा 8वीं में बालाघाट जिला राज्य में तृतीय स्थान पर रहा है। कक्षा 8वीं में 24,479 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे, जिनमें से 24,164 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इस कक्षा का कुल परिणाम 98.71 प्रतिशत दर्ज किया गया।
इस शानदार सफलता का श्रेय शिक्षा विभाग की पूरी टीम, जिला प्रशासन एवं शिक्षकों के सतत प्रयासों को दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ द्वारा प्रत्येक मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की जाती थी, जिसमें शिक्षा की गुणवत्ता प्रमुख विषय रहा।
सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक श्री जी पी बर्मन ने बताया कि पूरे सत्र के दौरान प्रत्येक माह मासिक टेस्ट आयोजित किए गए और मॉनिटरिंगकर्ताओं द्वारा हर सप्ताह 10 स्कूलों का निरीक्षण किया गया। साथ ही ई-अटेंडेंस व्यवस्था लागू होने से शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हुई, जिससे अध्यापन कार्य में सुधार आया।जिला शिक्षा केंद्र की टीम द्वारा प्रत्येक विकासखंड में हर माह 40-40 स्कूलों की मॉनिटरिंग की गई। इसके साथ ही जनपद शिक्षा केंद्र, बीएसी एवं जनशिक्षकों द्वारा भी लगातार निरीक्षण किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप बालाघाट जिले ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।


