लियागुजरात टाइटंस के युवा तेज गेंदबाज अशोक ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया. इस पेसर ने अपनी खौफनाक स्पीड से एनरिक नॉर्किया जैसे दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों को पीछे छोड़ते हुए आईपीएल में मौजूदा सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. अशोक ने 4 ओवर में 37 रन देकर एक विकेट लिया. उन्होंने शिमरोन हेटमायर को आउट किया.
पारी का 16वां ओवर लेकर आए अशोक शर्मा (Ashok Sharma) ने पहली ही गेंद से अपने इरादे साफ कर दिए थे. ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने 150.7 kmph की रफ़्तार दर्ज की, जिसे देखकर ही बल्लेबाज और कमेंटेटर्स हैरान रह गए थे. लेकिन असली धमाका अभी बाकी था. ओवर की आखिरी गेंद पर अशोक ने मानो अपनी पूरी ताकत झोंक दी और स्पीड गन पर 154 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार दर्ज हुई. यह इस सीजन की अब तक की सबसे तेज गेंद है. इससे पहले एनरिक नॉर्किया ने इस सीजन 150.9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी. नॉर्किया एलएसजी की ओर से खेल रहे हैं.
राजस्थान के इस युवा गेंदबाज ने साबित कर दिया कि भारत में रफ्तारी के सौदागरों की कोई कमी नहीं है. किसान परिवार में 17 जून 2002 को जन्मे अशोक को क्रिकेटर बनाने में उनके बड़े भाई अक्षय का बड़ा योगदान रहा है.अक्षय खुद क्रिकेटर बनना चाहते थे लेकिन पिता की इतनी ही हैसियत थी कि वो सिर्फ एक बेटे को क्रिकेटर बनाने का खर्च उठा सकते थे. जिसके बाद अक्षय ने छोटे भाई के लिए क्रिकेट छोड़ दिया और उनके साथ साये की तरह खड़े रहे.


