April 15, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

13 लाख से अधिक का गांजा जब्त 3 महिलाओं समेत 6 आरोपी गिरफ्तार


जबलपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और सिहोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मादक पदार्थ गांजा की तस्करी में लिप्त 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में 3 महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 26 किलो 978 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 13 लाख 48 हजार 900 रुपये बताई जा रही है, जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) जितेंद्र सिंह, एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया और डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी सिहोरा प्रतीक्षा मार्को के अनुसार, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि मनसकरा तिराहे पर कुछ महिलाएं और पुरुष गांजा लेकर बस से उतरने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर 5 संदिग्धों को पकड़ लिया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे थे।
तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग और थैलों से कुल 18 किलो 83 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे गांजा उड़ीसा से लाकर सप्लाई करते हैं और हाल ही में 20 किलो गांजा कुसनेर निवासी सोनू उर्फ विष्णु पटेल को दिया था।
इसके बाद पुलिस ने कुसनेर में दबिश देकर विष्णु पटेल (44 वर्ष) को गिरफ्तार किया, जिसके घर से 8 किलो 895 ग्राम गांजा और बरामद हुआ। इस तरह कुल 26 किलो 978 ग्राम गांजा जब्त किया गया।
सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और सिहोरा थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, एएसआई संतोष पांडे, मोहन तिवारी सहित कई पुलिसकर्मियों का योगदान सराहनीय रहा।

अन्य ख़बरें

दूसरों का जीवन बचाकर वंदनीय कार्य करते हैं फायर ब्रिगेड कर्मी – निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार

Newsdesk

लमेटा बाईपास पर महिला की संदिग्ध मौत, हादसा या साजिश? पुलिस जांच में जुटी

Newsdesk

निगमायुक्त ने किया ‘स्वच्छता श्रमदान,बाबा साहेब की जयंती पर सर्वोदय नगर में दी श्रद्धांजलि

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading