अनूपपुर। मध्य प्रदेश शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर हर्षल पंचोली तथा पुलिस अधीक्षक मोती ऊर रहमान के मार्गदर्शन में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर “आरोह-2026” का भव्य शुभारंभ 1 मई 2026 को प्रातः 7:00 बजे जिला खेल परिसर अनूपपुर में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगन्नाथ मरकाम उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला व्हॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष चैतन्य मिश्रा मौजूद रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ खिलाड़ी आशुतोष त्रिपाठी, जिला महामंत्री भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सत्येंद्र स्वरूप दुबे सहित अनेक खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि श्री मरकाम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि “खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का सशक्त साधन भी है। यदि खिलाड़ी लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ें, तो वे निश्चित रूप से सफलता के उच्च शिखर तक पहुंच सकते हैं।” उन्होंने बताया कि इस एक माह के शिविर में खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक एवं मनोरंजन गतिविधियां तथा फिट इंडिया मूवमेंट के विषय में भी खिलाड़ियों को जागरूक किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि चैतन्य मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि “ऐसे शिविर प्रतिभाओं को निखारने का सुनहरा अवसर होते हैं। खिलाड़ियों को चाहिए कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और नियमित रूप से अभ्यास कर खेल की बारीकियों को सीखें। निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी है।”
जिला महामंत्री सत्येंद्र स्वरूप दुबे ने कहा कि “खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम है। ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभा को मंच देते हैं, बल्कि समाज में अनुशासन और ऊर्जा का संचार भी करते हैं।”
वहीं वरिष्ठ खिलाड़ी आशुतोष त्रिपाठी ने अपने अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों को प्रेरित किया और कहा कि “खेल में सफलता के लिए धैर्य, समर्पण और निरंतर अभ्यास अत्यंत आवश्यक है। जो खिलाड़ी मेहनत से पीछे नहीं हटते, वही आगे चलकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करते हैं।”
इस अवसर पर रामचंद्र यादव (जिला खेल प्रशिक्षक), धनीराम बनवासी, शिवानी केसरवानी, श्रेया गुप्ता, भारती सिंह, पूरन सिंह, मनीष सिंह, जितेंद्र गुप्ता एवं अमिय विश्वास सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
यह ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर “आरोह-2026” जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।


