धमतरी 7 मई भखारा में पुराने लेन-देन और एक्सीडेंट विवाद ने ऐसी खूनी शक्ल ले ली कि महावीर चौक देखते ही देखते चीख-पुकार और खून से सन गया। मामूली कहासुनी कुछ ही मिनटों में चाकूबाजी में बदल गई और गले पर हुए जानलेवा वार ने एक व्यक्ति की जिंदगी छीन ली। हत्या के इस सनसनीखेज मामले में भखारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। मामला 6 मई 2026 की रात करीब 9 बजे का है, जब महावीर चौक भखारा में अन्नु निर्मलकर और आरोपी पक्ष के बीच पुराने पैसों के लेन-देन और मोटरसाइकिल एक्सीडेंट को लेकर विवाद शुरू हुआ। प्रार्थी संतोष निर्मलकर निवासी वार्ड क्रमांक 04 भखारा ने पुलिस को बताया कि उसके पिता अन्नु निर्मलकर के साथ आरोपी शिवम साहू, चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू और राहुल कंवर उर्फ राहुल दीवान ने बहस शुरू की। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौच और मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान शिवम साहू ने धारदार चाकू निकालकर अन्नु निर्मलकर के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अन्नु निर्मलकर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जिला अस्पताल धमतरी में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना भखारा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश के बाद हत्या जैसे गंभीर मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए थाना भखारा में अपराध क्रमांक 48/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू पिता स्वर्गीय रामकुमार दीवान उम्र 30 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 04 भखारा थाना भखारा जिला धमतरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं हत्या में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़कर वारदात में शामिल सभी आरोपियों को पकड़ने में जुटी है। फिलहाल महावीर चौक की यह खूनी घटना फिर यह याद दिला गई कि छोटी रंजिश और गुस्से की चिंगारी जब हिंसा में बदलती है, तो उसका अंत अक्सर किसी की मौत पर जाकर रुकता है।


