गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही, 2 जून कोटमी साप्ताहिक बाजार में सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या और लाखों रुपये के आभूषणों की लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 26 मई को हुई इस घटना ने पूरे गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले को झकझोर कर रख दिया था। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस हत्या की खबर आरएनएस ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी देवरीखुर्द पहुंचे, जहां आरोपी गया प्रसाद रजक के घर पर लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा किया गया। अपराध के सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने आभूषणों की पैकिंग सामग्री को पास की एक टेकरी में ले जाकर जला दिया, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूरी योजना के साथ वारदात के बाद सबूत खत्म करने की कोशिश की थी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी खुशीराम साहू और गया प्रसाद रजक ने घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस तथा लूटे गए आभूषणों का हिस्सा टेकरी में छिपाकर रखा था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर उक्त सभी सामान बरामद कर लिया है। बरामद सामग्री में एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन शामिल हैं।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा, एसडीओपी मरवाही राजेश देवांगन, एसडीओपी पेण्ड्रा श्याम सिदार, साइबर सेल, एसीसीयू बिलासपुर, जीपीएम पुलिस तथा बिलासपुर रेंज की विभिन्न पुलिस इकाइयों ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।


