जबलपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 11 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए, जबकि 180 अन्य चालकों पर विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शहर भर में संभागीय चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में चलाया गया।
पुलिस ने उखरी चौक, नौदरा ब्रिज, बड़ा पत्थर, छोटी लाइन, रद्दी चौकी, यादगार चौक, रिछाई मोड़, शारदा चौक और आईएसबीटी सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट लगाए। जांच के दौरान 11 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले, जिनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजे गए।
इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 180 वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इन चालकों से कुल 84 हजार 500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की गई है।


