आज प्रातः 11.00 बजे से बुजुर्ग संत करेंगे कार्यक्रम
अनूपपुर । योग साधक संत रामसखा पांडेय चित्रकूट धाम अनूपपुर स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर रेलवे कॉलोनी में रुके हुए हैं।जो कि आज प्रातः 11.00 बजे से शवासन मुद्रा में मड़फा तालाब सामतपुर में 2 घंटे पानी में योग करेंगे।जिसके लिए उन्होंने नगर पालिका, पुलिस अधीक्षक एवं कोतवाली को पत्र देकर जानकारी दी है।जिसमें उन्होंने पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर ली है।
दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर रेलवे कॉलोनी अनूपपुर के पुजारी ब्रह्मानंद गर्ग ने बताया कि संत जी उनके मंदिर पर रुके हुए हैं और आज वह 2 घंटे सामतपुर तालाब में पानी के ऊपर योग कर लोगों को योग की शिक्षा देंगे।
योग साधक रामसखा पांडेय ने बताया कि आधुनिक जीवनशैली में इंसान लगातार तनाव और बीमारियों से जूझ रहा है।ऐसे समय में योग ही एक ऐसा साधन है,जो तन-मन को संतुलित कर हर विपरीत परिस्थिति से लड़ने की शक्ति प्रदान करता है।
योग साधक रामसखा पांडेय ने बताया कि वे देशभर में भ्रमण कर योग की शक्ति का संदेश दे रहे हैं। उनका मानना है योगाभ्यास से न केवल मानसिक शांति और शारीरिक मजबूती मिलती है,बल्कि तनाव और बीमारियों से भी बचाव होता है।
उन्होंने कहा कि योग और आसन से हमेशा स्वस्थ रहा जा सकता है।जिन लोगों को हम स्वस्थ समझते हैं, वे भी पूर्णतः रोग मुक्त नहीं हैं।वे शारीरिक रूप से भले ही रोगी न हों,लेकिन मानसिक रूप से रोगी होते हैं।योग चिकित्सा का परिणाम तुरंत नहीं दिखाई देता है,लेकिन यह स्थाई रूप से लाभ पहुंचाता है।वर्तमान समय में लोग तनाव और बीमारियों से ग्रस्त हो रहे हैं।ऐसे में योग से तन और मन को संतुलित कर हर परिस्थिति से लड़ने की शक्ति मिलती है।


