अनूपपुर। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार एवं राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा संचालित “स्कूल चले हम अभियान-2026” के द्वितीय चरण के अंतर्गत शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय बस्ती, अनूपपुर में मंगलवार को उत्साह एवं उल्लास के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सहभागिता रही।
अभियान के तहत विद्यालय द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने लोगों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से स्कूल भेजने का संदेश दिया। रैली के माध्यम से यह भी अपील की गई कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक बालक-बालिका को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय कुमार प्रसाद ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों का नियमित रूप से विद्यालय आना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई एवं गृहकार्य पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी शैक्षणिक कठिनाई की स्थिति में शिक्षकों से संपर्क बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए भी समाज से सहयोग की अपेक्षा की।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका सविता प्रजापति द्वारा नवप्रवेशी एवं उपस्थित विद्यार्थियों का तिलक एवं पुष्प से स्वागत किया गया। वहीं प्रधानाध्यापक द्वारा विद्यार्थियों को विशेष भोजन और मिष्ठान स्वरूप जलेबी वितरित की गई। बच्चों को नियमित उपस्थिति बनाए रखने एवं शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए भविष्य में प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार दिए जाने की भी घोषणा की गई।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद श्रीमती कंचन गजेंद्र सिंह एवं सुभाष पटेल ने अभिभावकों से अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने तथा विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों का नामांकन सुनिश्चित कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक अजय कुमार प्रसाद ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा के इस जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। विद्यालय परिवार ने समाज के सभी वर्गों से शिक्षा के प्रसार में सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा व्यक्त की।


