20.1 C
Jabalpur
October 29, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

पुरवा बस्ती के कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग

जबलपुर। धनवंतरी नगर क्षेत्र की पुरवा बस्ती स्थित एक कबाड़ गोदाम में शनिवार को अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। गोदाम से उठती धुएं की ऊंची लपटें और आग का विकराल रूप देखकर आसपास के रहवासी घरों से बाहर निकल आए। कबाड़ में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, रबर और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के घनी आबादी वाले क्षेत्र में भी खतरा उत्पन्न हो गया।स्थानीय नागरिकों ने बिना देर किए नगर निगम के फायर कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम दमकल वाहनों और आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर फायर कर्मियों ने स्थिति का आकलन करते हुए चारों ओर से आग पर पानी की बौछार शुरू की और सुनियोजित रणनीति के तहत आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।
नगर निगम के अधीक्षक कुशाग्र ठाकुर ने बताया कि कबाड़ गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन फायर ब्रिगेड टीम ने त्वरित कार्रवाई, कुशल समन्वय और सतर्कता का परिचय देते हुए जल्दी ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के मकानों और अन्य संपत्तियों तक आग नहीं पहुंच सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से गोदाम में रखा कबाड़ जलकर नष्ट हो गया। आग लगने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।नगर निगम प्रशासन ने फायर ब्रिगेड टीम की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मिली सूचना और टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में नगर निगम की आपदा प्रबंधन एवं अग्निशमन व्यवस्था लगातार सतर्क और सक्रिय है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जा सके।नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी स्थान पर आग लगने या अन्य आपात स्थिति की जानकारी मिलते ही तत्काल फायर कंट्रोल रूम को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

अन्य ख़बरें

सूर्या हाफ मैराथन की ट्रायल दौड़ 1 नवंबर को, जुटेंगे 1000 धावक

Newsdesk

नगर निगम की जनसुनवाई में 38 आवेदन प्राप्त, समस्याओं के निराकरण के निर्देश

Newsdesk

शासन द्वारा सीपीसीटी छूट का आदेश जारी न होने से अनुकंपा आश्रित कर्मचारी नियमित नियुक्ति से वंचित

Newsdesk

Leave a Comment